मौसम अपडेट
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
मानसून की दस्तक से पहले उत्तर भारत समेत कई राज्यों में बदले मौसम से बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग की मानें तो पूरे देश में सिर्फ दक्षिणी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में ही बृहस्पतिवार को लू की स्थिति दर्ज की गई। शेष जगहों पर स्थिति में सुधार हुआ है। दिल्ली-एनसीआर और पंजाब-हरियाणा में कई दिनों के बाद न्यूनतम पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया। मौसम विभाग ने बताया कि इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से लेकर 3 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा। देश में सबसे अधिक तापमान बृहस्पतिवार को हरियाणा के सिरसा में 43.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अगले तीन से चार दिनों में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, झारखंड, ओडिशा और बंगाल के अधिकांश इलाकों तक पहुंच जाएगा। असम और बिहार में अलग-अलग चक्रवात की स्थिति बन रही है जिसके कारण इनसे सटे इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ इलाकों में 20 से 24 जून तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बंगाल, बिहार और झारखंड के अधिकांश इलाकों में मानसून के प्रभाव से हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 23 और 24 जून को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
हिमाचल से मिली खबर के अनुसार प्रदेश में बारिश और अंधड़ के येलो अलर्ट के बीच वीरवार को रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू व लाहौल की चोटियों पर फाहे गिरे। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के अधिकतम तापमान में बृहस्पतिवार को पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई जबकि किसी भी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। उधर, मानसून आने से पहले राजस्थान के कई जिलों में बृहस्पतिवार देर शाम को बारिश होने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में देर शाम कहीं बूंदाबांदी तो कहीं सामान्य बारिश हुई।