सुप्रीम कोर्ट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने शीर्ष अदालत में पदोन्नति के लिए हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। कॉलेजियम ने बृहस्पतिवार को न्यायाधीश एन कोटिस्वर सिंह और आर महादेवन का नाम केंद्र को भेजा है। न्यायमूर्ति सिंह वर्तमान में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं। वहीं, न्यायमूर्ति महादेवन मद्रास उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हैं।
मूल रूप से मणिपुर के रहने वाले न्यायमूर्ति सिंह को 17 अक्तूबर, 2011 को गोहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। मणिपुर उच्च न्यायालय के गठन पर, उन्हें न्यायाधीश के रूप में वहां स्थानांतरित कर दिया गया था। जिसके बाद पिछले साल 15 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।
कॉलेजियम ने प्रस्ताव में कहा, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में जस्टिस सिंह की नियुक्ति उत्तर-पूर्व का प्रतिनिधित्व प्रदान करेगी। विशेष रूप से वह मणिपुर राज्य से सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने वाले पहले न्यायाधीश होंगे। न्यायमूर्ति सिंह का न्यायिक क्षमता, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनके द्वारा किए गए कार्यों के संदर्भ में एक त्रुटिहीन रिकॉर्ड है। न्यायिक प्रदर्शन, प्रशासनिक कौशल, ईमानदारी और योग्यता को देखते हुए उनकी उम्मीदवारी तय की है। कॉलेजियम का विचार है कि वह सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं।