पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपारा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता बताए जा रहे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की मां ने कहा कि उनका बेटा सनातन घोष तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता था। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भूमि विवाद के चलते कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही इस बात का पता लगा रही है कि क्या हत्या का कारण भूमि स्वामित्व को लेकर कोई राजनीतिक संबंध या व्यक्तिगत दुश्मनी थी। उन्होंने बताया कि 30 साल के घोष रविवार की रात को दो अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी एक कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल से गिरने के बाद कार सवार हमलावरों ने उसे नजदीक से गोली मार दी।
अधिकारी ने बताया कि घोष को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस हमलावरों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जो गोलीबारी के बाद फरार हो गए।
सिक्किम के गांव में आई बाढ़, दो की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त
सिक्किम के नामची जिले के मजुआ गांव में सोमवार सुबह भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में दो लोगों की मौत हो गई और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना यहां से करीब 53 किलोमीटर दूर जिले के यांगांग इलाके में हुई।
अधिकारी ने कहा, इन दोनों मौतों के अलावा गांव में सुबह करीब छह बजे अचानक आई बाढ़ में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति लापता है। घायलों को सिंगतम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कम से कम सात घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि राज्य की आपदा प्रबंधन टीमें पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घटनास्थल पर बचाव कार्य कर रही हैं।
मेघालय में भूंकप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.3 आंकी गई तीव्रता
मेघालय में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.3 आंकी गई है।