जागरण में एक साथ दिखे अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और रवनीत बिट्टू।
– फोटो : संवाद
विस्तार
लोकसभा चुनाव के तुरंत पहले सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में आने वाले एकमात्र नेता रवनीत सिंह बिट्टू मोदी 3.0 मंत्रिपरिषद के सदस्य बने हैं। हालांकि रवनीत लोकसभा चुनाव में लुधियाना से खुद सीट हार गए थे। रविवार को राष्ट्रपति भवन में रवनीत ने मंत्री पद की शपथ ली।
जतिन प्रसाद, और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ली मंत्री पद की शपथ
रवनीत सिंह बिट्टू के अलावा जतिन प्रसाद और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले वो नेता हैं जिन्होंने मोदी 3.0 में मंत्रिपरिषद की शपथ ली है। हालांकि ये दोनों नेता लोकसभा चुनाव के काफी पहले मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और केंद्र सरकार में मंत्री बने थे।
इसके अलावा विकासशील इंसान पार्टी छोड़कर 2020 में भाजपा में शामिल हुए राज भूषण चौधरी ने भी रविवार को राज्यमंत्री पद की शपथ ली है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री के पोते हैं रवनीत सिंह बिट्टू
तीन बार के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू मार्च में दिल्ली जाकर भाजपा में शामिल हुए थे और उन्होंने कहा था एक बार लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। जिनकी 1995 में एक आतंकी हमले में हत्या कर दी गई थी।